प्याज के आसमान छूते दामों के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने राहगीरों को प्याज बांटकर महंगाई के खिलाफ अपना रोष जताया। इस दौरान काली पट्टी बांधकर, गैस सिलिंडर, खाली बर्तनों के साथ केंद्र के खिलाफ नारेबाजी की गई। साथ ही चारधाम के लिए बनाए जा रहे श्राइन बोर्ड का विरोध किया। दून तिराहे पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता पहुंचे। यहां करीब आधे घंटे तक उन्होंने बायें हाथ पर काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूरे देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। गैस सिलिंडर से लेकर सब्जियां, दालें आदि सभी दैनिक उपभोग की वस्तुओं के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं। जिला महामंत्री एकांत गोयल ने कहा कि वर्ष 2013 में कांग्रेस सरकार के दौरान प्याज की कीमत फुटकर में 50 रुपये किलो थी। उस दौरान भाजपाई सड़क से लेकर हाईवे तक जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। आज जब प्याज की कीमत 120 रुपये पहुंच गई है तो वह लोग कहां हैं। इस मौके पर मधु जोशी, पार्षद शकुंतला शर्मा, मनीष शर्मा, देवेन्द्र प्रजापति, राकेश मियां, जगत सिंह नेगी, भगवान सिंह, अभिषेक शर्मा, जितेन्द्र पाल पाठी, सहदेव सिंह राठौर, कृष्ण कांत कोटियाल, संजय भट्ट आदि उपस्थित रहे।
राहगीरों को प्याज बांटकर जताया विरोध