बारिश-बर्फबारी से बदरीनाथ व यमुनोत्री हाईवे बंद

पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी भी हुई है। सोमवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई बूंदाबांदी ने पहले ही ठंड बढ़ा दी थी। वहीं मौसम विभाग ने मंगलवार सहित अगले दो दिन बारिश, ओलावृष्टि के साथ ही कोल्ड डे कंडीशन की चेतावनी जारी की है। इसी प्रकार रुद्रप्रयाग जनपद में भी सोमवार रातभर बारिश हुई। केदारनाथ, मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चोपता, त्रियुगीनारायण, तोषी आदि स्थानों पर बर्फबारी हुई है। जिले में सुबह से बादल छाए हुए हैं।बारिश-बर्फबारी के चलते यमुनोत्री हाईवे राडी टॉप व हनुमान चट्टी से आगे बंद हो गया। जिसके कारण यमुनोत्री क्षेत्र की गीठ पट्टी का तहसील कार्यालय व रवांई घाटी का जिला मुख्यालय से सम्पर्क कट गया। मसूरी में भी बर्फबारी होने की सूचना है। यहां कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हाईवे को सुबह करीब दस बजे वाहनों के लिए खोल दिया गया। यमुना के शीतकालीन प्रवास खरशाली गांव में बर्फबारी हुई है। यहां यमुना मंदिर के साथ यमुनोत्री घाटी बर्फ के आगोश में है। अभी बारिश बर्फबारी थमी हुई हैं, लेकिन मौसम खराब बना हुआ है। उत्तरकाशी जिले के अधिकांश हिस्सों में देर रात से बारिश का सिलसिला जारी है। जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्र एक बार फिर बर्फबारी से लकदक हो गए हैं। लगातार बारिश और बर्फबारी होने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी में सोमवार रात से बारिश जारी है।